कटनी में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: बिना परमिट चल रही 15 साल पुरानी बस जब्त, एक्शन मोड में एआरटीओ

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में अवैध और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा दिए गए निर्देश के पालन में परिवहन विभाग द्वारा बुधवार को बड़वारा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने बताया कि जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बड़वारा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की। इसी क्रम में एक यात्री बस को रोका गया। प्रारंभिक जांच में ही इस बस में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। वाहन बिना वैध परमिट के संचालित हो रहा था, जो कि मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके अतिरिक्त बस का फिटनेस प्रमाणपत्र भी वैध नहीं पाया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वाहन का कर पिछले दो माह से जमा नहीं किया गया था, जो वित्तीय नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। साथ ही बस का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र भी वैध नहीं था, जिससे पर्यावरण संबंधी मानकों का भी उल्लंघन हो रहा था। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह रहा कि बस अपनी निर्धारित आयु सीमा 15 वर्ष पूरा कर चुकी थी। जिसके बाद इस प्रकार के वाहन का संचालन नियमानुसार प्रतिबंधित हो जाता है। इसके बाद तत्काल प्रभाव से बस को जब्त कर थाना बड़वारा में सुरक्षित रखा गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। परिवहन अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के जांच और कार्रवाई अभियान आगे जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *