जनमत हिन्दी। स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से कटनी नगर निगम द्वारा वीर सावरकर वार्ड स्थित शंभू टॉकीज मार्ग पर आयोजित राहगीरी डे रविवार की सुबह नागरिक सहभागिता, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत उदाहरण बना। कुछ घंटों के लिए वाहनों की आवाजाही से मुक्त हुए मार्ग पर जब बच्चों की खिलखिलाहट, युवाओं का उत्साह, बुजुर्गों का योग और स्वच्छता के प्रति जन संकल्प एक साथ दिखाई दिया। नो-व्हीकल जोन में परिवर्तित मार्ग पर नागरिकों ने तनावमुक्त वातावरण में खेल और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। बच्चों ने पेंटिंग और हॉर्स राइडिंग के माध्यम से उत्साह का परिचय दिया तो वरिष्ठ नागरिक योग और व्यायाम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते नजर आए। रस्साकशी, सांप-सीढ़ी, पिट्टू, शतरंज, कैरम, चम्मच-नींबू दौड़ और लंगड़ी जैसे पारंपरिक खेलों ने लोगों को अपने बचपन की यादों से जोड़ दिया। जुंबा सत्र में नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे वातावरण को ऊर्जा से भर दिया। वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मैजिक शो के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया। राहगीरी डे का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति व्यवहारिक रूप से जागरूक करना था। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। फोर बिन मॉडल के माध्यम से नागरिकों को गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे के अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्लास्टिक की बोतलों और अनुपयोगी रैपर से इको-ब्रिक्स तैयार करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर अपशिष्ट प्रबंधन और पुनर्चक्रण की उपयोगिता भी समझाई गई। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने स्वच्छता की शपथ दिलाई और सभी से शहर की स्वच्छता में सहयोग करने के लिए कहा गया। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि जब एक ही मंच पर बच्चे खेलते हुए, युवा फिटनेस गतिविधियों में भाग लेते हुए और वरिष्ठजन योग करते हुए दिखाई देते हैं, तब यह किसी भी शहर की सकारात्मक सामाजिक चेतना का संकेत होता है। कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, वनमण्डलाधिकारी गर्वित गंगवार, निगमायुक्त तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य जय नारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद श्रीमती सीमा श्रीवास्तव, शकुंतला सोनी, राजेश भास्कर, समाजसेवी श्याम निषाद, पूर्व पार्षद रज्जन जैन, पार्वती निषाद सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
राहगीरी डे बना जन-जागरूकता का उत्सव: स्वच्छता और स्वास्थ्य का दिया संदेश, फिटनेस के साथ मनोरंजन गतिविधियों का आयोजन


































































































Leave a Reply