कटनी में बैंकों की सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार: हर बैंक में अलर्ट सिस्टम जरूरी, एसपी ने दिए सख्त आदेश

जनमत हिन्दी। कटनी पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा सभी बैंकों के शाखा प्रबंधको और बैंक प्रतिनिधियों की बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक का आयोजन किया। बैठक में सुरक्षा अधोसरंचना और सुरक्षा संसाधनों का बैंकिंग कार्य प्रणाली में उपयोग करने पर जो दिया गया। बैठक में हाल के समय में घटित लूट और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए बैंक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने बैंक शाखाओं में सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करें,  उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होने कहा कि जनता की जमा पूंजी की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, लिहाजा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में जिन बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया, उनमें बैंक परिसरों में पर्याप्त और उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सीसीटीवी कैमरों का कवरेज व्यापक और प्रभावी हो,  उनकी नियमित जांच की जाए कि वे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं या नहीं। अलार्म सिस्टम और पैनिक बटन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए,  पैनिक बटन का संचालन एक से अधिक जिम्मेदार कर्मचारियों के पास हो।  डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर  का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए। सुरक्षा उपकरणों को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी घटना की स्थिति में तत्काल सूचना और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैंक सुरक्षा व्यवस्था की समय-समय पर ऑडिटिंग और मॉनिटरिंग की जाए। जीपीएस सिस्टम का उपयोग बढ़ाया जाए  और सुरक्षा से संबंधित मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिए कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और सभी बैंक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *