पुलिस ने चाकूबाजों को दबोचा: कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई, सब्जी मंडी में युवक को मारी थी चाकू

जनमत हिन्दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के बिलैया तलैया सब्जी मंडी में रूपयों के लेने देन पर एक युवक पर चाकू से हमला करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 22 मई जिला अस्पताल से सूचना दी गई थी कि गिरजा घाट निवासी प्रशांत सोनी पिता विष्णु सोनी (38 वर्ष) को गंभीर घायल अवस्था में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस तत्काल अस्पताल पहुंची और घायल से घटना के संबंध में पूछताछ की। घायल प्रशांत सोनी ने बताया कि उसका अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया से पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। वह अपना पैसा लेने बिलैया सब्जी मंडी पहुंचा था, जहां लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, राज उर्फ प्यारे चौरसिया, शुभम उर्फ चुन्नू और एक अन्य नाबालिग युवक मौजूद था। इसी दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसी बीच बुच्चड़ चौरसिया ने अन्य साथियों को उकसाते हुए प्रशांत सोनी पर हमला करने के लिए कहा, जिसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकुओं से पीठ, कमर और बाएं हाथ पर कई वार किए।  लात-घूंसों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चाकू के हमले से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और घायल को समुचित इलाज सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली राखी पांडेय द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। दबिश के दौरान कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों को चंद घंटों के अंदर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज पाए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में कोतवाली थाना क्षेत्र के बिलैया तलैया निवासी लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ पिता नत्थूलाल चौरसिया (59वर्ष),  गांधी गंज निवासी राज उर्फ प्यारे पिता रामचरण चौरसिया, (21 वर्ष), बिलैया तलैया सब्जी मंडी निवासी अभिलाष उर्फ अब्बू पिता रामचंद्र चौरसिया, (27 वर्ष), बिलैया तलैया सब्जी मंडी निवासी शुभम चौरसिया उर्फ चुन्नू पिता रामचंद्र चौरसिया, (26 वर्ष) है। आरोपियों एक 16 वर्षीय नाबालिग युवक भी शामिल है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण यह वारदात हुई। घायल का इलाज कराया जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी में  कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पांडेय, एसआई कुलदीप सिंह, एएसआई रामेश्वर प्रसाद पटेल, प्रधान आरक्षक अखंड प्रताप, वीरेन्द्र तिवारी, वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, नीरज तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, दीपक तिवारी, अजीत सिंह, अभिषेक राय, अनिल गौतम, अमरजीत सिंह, मंसूर हुसैन, दिनेश सेन सहित विकास राय की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *