कटनी में व्यापारियों ने किया हंगामा: चोरी के आरोप में पुलिस हिरासत में लिया गया युवक लापता, बाजार बंद कर प्रदर्शन

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बरही में एक सराफा कारोबारी के लापता होने पर बुधवार को जबरदस्त हंगामा हुआ। व्यापारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बाजार बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। परिजन के अनुसार, बरही के सराफा व्यापारी अनुराग उर्फ बंटी ताम्रकार को मंगलवार को उमरिया जिले की इंदवार पुलिस चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। आरोप है कि मंगलवार देर रात से ही अनुराग का कोई पता नहीं चला।बुधवार दोपहर जब इंदवार पुलिस दोबारा अनुराग के घर पहुंची, तो व्यापारियों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सराफा व्यापारियों ने पुलिस से सीधा सवाल किया कि यदि अनुराग को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था, तो वह घर क्यों नहीं पहुंचा। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस उसे हिरासत में लेने के बाद अब गायब करने की कोशिश कर रही है। बरही सराफा एसोसिएशन के बुलावे पर पूरे बाजार की दुकानें बंद कर दी गईं, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। हंगामे की खबर मिलते ही बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की।व्यापारियों ने दो टूक कहा है कि जब तक अनुराग को सकुशल वापस नहीं लाया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी लापता कारोबारी की तलाश और व्यापारियों को समझाने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *