मोबाइल गेम बना ‘गुमशुदगी’ की वजह: तलाश में जुटी पुलिस को रैक के पीछे सोते मिले बच्चे, 2 घंटे में खोज निकाले लापता मासूम

जनमत हिन्दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत महात्मा गांधी वार्ड में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो सगे मासूम भाई-बहन अचानक लापता हो गए। बच्चों के गायब होने से बदहवास माता-पिता तत्काल कोतवाली थाने पहुंचे। पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया और दो घंटे के अंदर दोनों बच्चों को ढूंढ निकाला। बच्चे अपने ही घर के पास एक खाली कमरे में रैक के पीछे सोए हुए मिले। जानकारी के अनुसार महात्मा गांधी वार्ड तिलक राष्ट्रीय स्कूल के साईं मंदिर के पास निवासी राकेश सोनकर ने थाने पहुंचकर बताया कि उनका 8 वर्षीय बेटा मोहित सोनकर और 6 वर्षीय बेटी आलिया सोनकर पिछले दो घंटे से घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गए हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर पूरे मोहल्ले स्थानीय बाजार और रेलवे स्टेशन तक खाक छानी, लेकिन बच्चों का कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद पुलिस टीम को रवाना किया गया। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे देखे गए। साथ ही घर के आसपास पूछताछ की गई और घर के ही पास बने एक खाली कमरे पर टीम की नजर गई। कमरे के अंदर सामान रखने वाली एक रैक पर पर्दा लगा हुआ था। जैसे ही पुलिस ने उस पर्दे को हटाया, वहां का नजारा देख सबकी जान में जान आई। दोनों मासूम बच्चे वहां चैन की नींद सो रहे थे। जब पुलिस ने बच्चों को जगाकर उनसे पूछताछ की, तो बेहद हैरान करने वाली वजह सामने आई। बच्चों ने बताया कि वे घर का पुराना मोबाइल लेकर घरवालों से छुपकर गेम खेलने के लिए उस खाली कमरे में आए थे। रैक के पीछे बैठकर गेम खेलते-खेलते सौ गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *