जनमत हिन्दी। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता द्वारा सोमवार को कटनी वृत्त कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की गई। इस बैठक में संचा-संधा वृत्त, शहर संभाग, संचा-संधा संभाग, दक्षिण संभाग, प्रवर्तन संभाग और एसटीएम-एसटीसी संभाग कटनी के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान राजस्व संग्रहण, समाधान योजना, आरडीएसएस योजना, वर्क प्लान 2025-26, फेल ट्रांसफार्मर, विद्युत प्रदाय, मेंटेनेंस, बकाया राशि वसूली और स्मार्ट मीटर जैसे बिंदुओं पर चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान कम राजस्व संग्रहण और समाधान योजना की धीमी प्रगति पर प्रबंध संचालक द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बिंदुओं पर तत्काल प्रगति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। प्रबंध संचालक ने सभी कार्यपालन अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को नियमित रूप से फील्ड भ्रमण करने, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। साथ ही समाधान योजना और राजस्व संग्रहण में अपेक्षित वृद्धि लाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के बाद प्रबंध संचालक द्वारा आरडीएसएस योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन 33/11 केव्ही खिरहनी उपकेन्द्र का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स यूनिवर्सल के प्रतिनिधियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने और सभी लंबित कार्यों को 30 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर कंपनी मुख्यालय से मुख्य महाप्रबंधक संजय भागवतकर, मुख्य अभियंता जबलपुर एसके गिरिया, मुख्य महाप्रबंधक संजय निगम, महाप्रबंधक नीरज कुचया, अधीक्षण अभियंता डीएन चौकीकर सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी कार्यपालन अभियंता उपस्थित रहे।
बिजली विभाग की समीक्षा बैठक: राजस्व वसूली और योजनाओं में ढिलाई पर नाराज हुए एमडी, खिरहनी उपकेन्द्र का किया निरीक्षण










Leave a Reply