जनमत हिन्दी। मध्यप्रदेश शासन द्वारा समान नागरिक संहिता यूनीफार्म सिविल कोड के संबंध में अध्ययन और परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक रविवार को शासकीय तिलक महाविद्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में समान नागरिक संहिता से जुड़े सामाजिक, विधिक, प्रशासनिक पहलुओं पर जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों से सुझाव प्राप्त किए गए। उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य कानूनविद अनूप नायर ने किया। इस अवसर पर सांसद खजुराहो वीडी शर्मा, विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप कुमार मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी मौजूद रहे। उच्च स्तरीय बैठक में सांसद वीडी शर्मा और विधायक संदीप जायसवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पर्यावरणविद् और मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, समाजसेवी मोहन नागवानी, शिक्षाविद् डा चित्रा प्रभात सहित समाजसेवियों ने अपने सुझाव दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पत्रकारों ने भी सुझाव दिए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के कानूनविद अनूप नायर ने समिति गठन के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा गठित यह उच्च स्तरीय समिति विवाह, भरण-पोषण, विवाह विच्छेद, उत्तराधिकार, अन्य पारिवारिक कानूनों से संबंधित विधिक, सामाजिक, प्रशासनिक पहलुओं का अध्ययन कर समान नागरिक संहिता के संबंध में उपयुक्त अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। उच्च स्तरीय जनपरामर्श बैठकों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। समिति द्वारा प्रदेशभर के जिलों में जाकर नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। आमजन से सुझाव प्राप्त करने के लिए एक विशेष वेबसाइट का निर्माण भी किया गया है। गौरतलब है कि सीएम मोहन यादव ने बीते दिनों समान नागरिक संहिता मध्यप्रदेश की वेबसाइट का विमोचन किया है। इस वेबसाइट के माध्यम से नागरिक अपने सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे।
यूनीफार्म सिविल कोड पर चर्चा: उच्च स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन, मांगे गए सुझाव































































































Leave a Reply