जनमत हिन्दी। कटनी जिले के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण के लिए शुक्रवार को कलेक्टर आशीष तिवारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगले 20 दिनों में उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो प्रदेश भर के 32 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। यह ज्ञापन मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला सचिव हरप्रीत लक्की सिंह के नेतृत्व में अधीक्षक भू अभिलेख अधिकारी को सौंपा गया। संघ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 32 हजार संविदा कर्मचारी मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनकी मेहनत के कारण राज्य को कई राष्ट्रीय सम्मान मिले हैं, लेकिन सरकार लगातार उनके हितों की अनदेखी कर रही है। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उनकी मांगों पर सहमति बनी थी, पर एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार सभी संविदा कर्मचारियों का तत्काल नियमितीकरण शामिल है। इसके अतिरिक्त, सामान्य प्रशासन विभाग की 2023 की नीति के तहत सभी कर्मचारियों को एनपीएस और स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने की मांग की गई है। अन्य मांगों में अन्य राज्यों की तर्ज पर प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वार्षिक वेतनवृद्धि, नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता , सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के वेतन में पीबीआई का समायोजन और पूर्व की तरह इंडिकेटर लागू करना शामिल है। कर्मचारियों ने बताया कि हम सभी 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल इस दिन से जिले के सभी कर्मचारी विभाग द्वारा दिए गए सभी प्रकार के ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों का पूर्णत: बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया है कि वे जनता को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन सरकार के उदासीन रवैये के कारण वे आंदोलन के लिए विवश हैं। 2 जून से स्वास्थ्य सुविधाएं ठप होती हैं] तो इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा।
संविदा कर्मचारियों की प्रशासन को चेतावनी: मांगें नहीं मानीं तो स्वास्थ्य व्यवस्था होगी प्रभावित, चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी































































































Leave a Reply