स्वच्छता में नया कीर्तिमान: स्वच्छ सर्वेक्षण में कटनी का कैमोर प्रदेश में नंबर वन, विजयराघवगढ़ नंबर दो

जनमत हिन्दी। स्वच्छता के राष्ट्रीय अभियान स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में कटनी जिले की नगर परिषद कैमोर और विजयराघवगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना ली है। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में सिटिजन फीडबैक के मामले में वर्तमान स्थिति में कैमोर नगर परिषद मध्यप्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गई है, जबकि विजयराघवगढ़ ने दूसरा स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है।कैमोर नगर परिषद के 71.18 प्रतिशत नागरिकों यानी 13 हजार 769 लोगों ने ऑनलाइन सिटिजन फीडबैक दर्ज कराया है, जो कि 20 हजार की आबादी वाले नगर की श्रेणी में प्रदेश में सबसे अधिक है। वहीं नगर परिषद विजयराघवगढ़ के 63.64प्रतिशत यानी 5 हजार 327 नागरिकों ने स्वच्छता के समर्थन में अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया देकर शहर को प्रदेश में दूसरा स्थान दिलाया है। यह उपलब्धि सिर्फ आंकड़ों की सफलता नहीं, बल्कि नागरिक जागरूकता, प्रशासनिक सक्रियता और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आई है। बीते दिनों कैमोर और विजयराघवगढ़ के दौरे पर पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता मित्रों और आम नागरिकों से संवाद कर अधिक से अधिक सिटिजन फीडबैक देने की अपील की थी। कलेक्टर ने स्वच्छ सर्वेक्षण को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर की पहचान और नागरिक संस्कार से जुड़ा अभियान बताया था। प्रवास के दौरान कलेक्टर ने कैमोर में नालियों के पानी को ट्रीट कर पार्कों में पेड़-पौधों की सिंचाई तथा फाउंटेन संचालन के लिए विकसित की गई ग्रे-वाटर ट्रीटमेंट फेसिलिटी का अवलोकन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने नगर के आकर्षक सौंदर्यीकरण, भित्ति चित्रकारी और आरआरआर पार्क निर्माण कार्यों की सराहना की।कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले की नगर निगम सहित नगर परिषद कैमोर, विजयराघवगढ़ और बरही के नागरिकों से कहा है कि 31 मई तक स्वच्छता से जुड़े प्रश्नों पर सही और सकारात्मक फीडबैक देकर अपने शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंक दिलाने में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण सिर्फ सफाई व्यवस्था का मूल्यांकन नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता, सहभागिता और शहर के प्रति जिम्मेदारी का प्रतिबिंब है।सर्वेक्षण के दौरान मोबाइल कॉल, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से नागरिकों की प्रतिक्रिया ली जा रही है।कैमोर और विजयराघवगढ़ के सीएमओ मनीष परते ने इस सफलता का श्रेय नागरिकों की डिजिटल जागरूकता, सफाई मित्रों की मेहनत और प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *