जनमत हिन्दी। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम भमका और परसेल के बीच उस समय सनसनी फैल गई, जब गिरुहा नाला के पास एक तेंदुए का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की काफी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तत्काल वन विकास निगम के अधिकारियों को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों के बयानों के अनुसार जहां पर तेंदुए का शव मिला है, उसके ठीक ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि यह लाइन पास के ही एक पेड़ की शाखाओं से टकरा रही थी। पेड़ के तने पर आग लगने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि पेड़ में करंट उतरने के कारण तेंदुआ उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसी भी प्रकार के मानवीय हस्तक्षेप या शिकार की संभावना को खारिज करने के लिए मौके पर डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विकास निगम की डिप्टी डीएम अमृता रावत ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। जांच में विद्युत लाइन के रखरखाव को लेकर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित विभाग के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर जंगलों के बीच से गुजरने वाली असुरक्षित हाईटेंशन लाइनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ों से छूती हुई इन लाइनों की शिकायत पहले भी की जाती रही है, लेकिन समय रहते समाधान न होने के कारण बेजुबान वन्यजीवों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
कटनी में तेंदुए की मौत: करंट लगने कि आशंका, पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा











Leave a Reply