ऑनलाइन विक्रय का विरोध: कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन, बंद रहीं दवा दुकान

जनमत हिन्दी। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर कटनी में 20 मई को दवा बाजार बंद रहा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की थोक और फुटकर दवा दुकानें सुबह से ही बंद रहीं। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदू जादवानी ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट का लालच देकर दवाओं की बिक्री कर रही हैं, जिससे छोटे व्यापारियों का अहित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगरानी तंत्र के अभाव में ऑनलाइन माध्यम से एक्सपायरी दवाएं भी बेची जा रही हैं। एसोसिएशन ने प्रतिबंधित दवाओं की अवैध ऑनलाइन बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। हड़ताल के दौरान मरीजों की सुविधा का ध्यान रखते हुए निजी अस्पतालों के भीतर संचालित मेडिकल स्टोर्स और पीएम जन औषधि केंद्रों को बंद से मुक्त रखा गया। पदाधिकारियों ने बताया कि उनके विरोध का उद्देश्य ऑनलाइन व्यापार की नीतियों के खिलाफ है, न कि मरीजों को असुविधा पहुंचाना। संघ के सचिव सागर आहूजा ने बताया कि बिना किसी ठोस नियंत्रण के चल रही ऑनलाइन फार्मेसी से परंपरागत दवा व्यापारियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। एसोसिएशन ने मांग की है कि दवाओं की बिक्री के लिए एक स्पष्ट और सख्त नियामक व्यवस्था बनाई जाए ताकि आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं हो। एसोसिएशन के सदस्यों ने दोपहर में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया। ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *