अधिकारियों की अनदेखी पर ग्रामीणों का तंज: सड़क के गड्ढे में लगाए बेशरम के पौधे, ग्रामीणों ने किया अनूठा प्रदर्शन

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के कैमोर-विजयाराघवगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम लबैहरा के पास का जानलेवा गड्ढे से ग्रामीण अक्रोशित है। अपने कर्तव्यों के प्रति नींद में डूबे जिम्मेदार अधिकारियों को जगाने के लिए रविवार को समाजसेवियों ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए उस 10 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे के बीचों-बीच बेशरम के पौधे रोप दिए। सड़क के बीचों-बीच लबालब पानी में लहलहाते बेशरम के ये पौधे सीधे तौर पर लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा और तीखा तंज कस रहे थे। सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि इसी मार्ग से क्षेत्र के एसडीएम, तहसीलदार सहित कई आला अधिकारियों और रसूखदार जनप्रतिनिधियों का काफिला रोजाना गुजरता है। इसके बावजूद सड़क की यह दुर्दशा और जनता का दर्द उनकी नजरों से ओझल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि जब पूरा सिस्टम और जिम्मेदार महकमा बेशरम होकर बैठ जाए, तो विरोध दर्ज कराने का इससे बेहतर तरीका कोई और नहीं हो सकता। घटिया निर्माण के कारण यह गड्ढा बना, शिकायतें हुईं, लेकिन न तो इसकी मरम्मत की गई और न ही यहां कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया। यह बेशरम का पौधा प्रशासन और हमारे सोए हुए जनप्रतिनिधियों के लिए एक आइना है। हल्की बारिश में ही इस मुख्य मार्ग किसी उफनती नदी का रूप ले लेता है। पानी भरे होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिसकी वजह से हादसे होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *