दर्शन भी आसान, यातायात भी सुगम: कटनी में शाम 6 से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन, हर मंगलवार और शनिवार को लागू रहेगी व्यवस्था

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में मंगलवार और शनिवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने से बाधित हो रही आवागमन व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान बनाया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी संतोष डेहरिया, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा, सीएसपी नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर ने श्रद्धालु जन और आम जनों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवागमन को बनाए रखने के लिए बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक सब्जी मंडी, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ और संकरे मार्ग को ध्यान में रखते हुए ऐसा डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है, जिससे मंदिर क्षेत्र पूर्णतः पैदल दर्शन मार्ग रहे, ताकि शहर का यातायात भी सुगम बना रहे। प्रस्तावित डायवर्जन व्यवस्था के अनुसार बरही नाका से आने वाले वाहन बरही नाका से दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर की ओर जाने वाले सभी चार पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। वाहनों को मॉल रोड खिरहनी चौकी, एनपीएन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सिर्फ स्थानीय निवासी और आपातकालीन वाहन नियंत्रित रूप से प्रवेश करेंगे। विश्वकर्मा पार्क की ओर से आने वाले वाहन मंदिर मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा। छोटे वाहनों को विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक, स्टेशन रोड की ओर भेजा जाएगा। भारी वाहनों को पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। सुभाष चौक से मंदिर की ओर वन-वे पैदल कॉरिडोर बनाया जाएगा। ई-रिक्शा और ऑटो को झंडा बाजार, गोल बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा। भीड़ अधिक होने पर अस्थायी बैरिकेडिंग की जाएगी। मंदिर के 200–300 मीटर क्षेत्र को “नो व्हीकल जोन” घोषित किया जाएगा। दर्शनार्थियों के लिए अलग पैदल मार्ग बनाया जाएगा। बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक, मंदिर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। क्रेन और टोइंग वाहन स्टैंडबाय रखे जाएंगे। लाउड हेलर, सार्वजनिक उद्घोषणा के माध्यम से नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जाएगी। आमजन से पुलिस ने कहा है कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *