कटनी में संवेदनहीनता की सारी हदें पार: नारी शक्ति वंदन जैसे अभियान के बीच शर्मसार करने वाली तस्वीर, घायल कि पत्नी से साफ कराई एम्बुलेंस

जनमत हिन्दी। जिला अस्पताल परिसर से मानवता को शर्मसार और संवेदनहीनता की सारी हदें पार करने वाली तस्वीर सामने आई हैं। नारी शक्ति वंदन जैसे अभियान और महिलाओं का सशक्तीकरण सहित उनके सम्मान के सरकारी दावों के बीच इस तस्वीर ने पूरे समाज शर्मिंदा कर दिया। दरअसल सड़क हादसे में घायल हुए एक युवक को बरही से जिला अस्पताल भेजा गया था। जिस एंबुलेंस से घायल युवक को भेजा गया था, उस युवक ने एंबुलेंस में उलटी कर दी थी, एंबुलेंस के जिला अस्पताल पहुंचने पर युवक के इलाज के लिए परेशान उसकी पत्नी पर एंबुलेंस चालक ने एंबुलेंस की सफाई कराने का न सिर्फ दबाव बनाया, बल्कि उससे सफाई भी करवाई। इस घटना वीडियो वायरल होने के बाद जिला अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम उमरिया-बरही रोड पर खितौली के पास करेला ग्राम निवासी 32 वर्षीय राहुल बर्मन को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। राहुल के सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें डायल 112 की मदद से पहले बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बरही में प्राथमिक इलाज के बाद राहुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बरही से कटनी लाते समय, दर्द और चोट के कारण मरीज राहुल ने एंबुलेंस की खिड़की से उल्टी कर दी। आरोप है कि जैसे ही एंबुलेंस जिला अस्पताल पहुंची कर्मचारी मोहित नायक ने मरीज की पत्नी पर एंबुलेंस साफ करने का दबाव बनाया। सामने आए वीडियो में मरीज की पत्नी एंबुलेंस में पानी डालकर सफाई करती दिख रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान एंबुलेंस कर्मी संवेदनहीन बने रहे और उन्होंने महिला की कोई मदद नहीं की। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राहुल की हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इस पूरे मामले पर जिला अस्पताल के सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर ने शुस्आत में गैर जिम्मेदार बयान देते हुए कहा कि कहा कि संभवत: एंबुलेंस में ब्लीडिंग हुई होगी, जिसे महिला ने साफ किया होगा। हालांकि बाद में उन्होने कहा कि कि इस तरह का कृत्य स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। एंबुलेंस प्रबंधक से बात कर मामले की जांच कराने के साथ ही कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *