जनमत हिन्दी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बाहर से आने वाले लोगों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए सत्यापन और डेटाबेस अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में शुरू हुई इस पहल के तहत चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं सत्यापित वाहनों पर विशेष डेटाबेस स्टिकर लगाकर भरोसेमंद और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। यह अभियान सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि सुधार, संवाद और सहयोग पर आधारित एक सकारात्मक कदम है। अभियान की शुरुआत मुख्य रेलवे स्टेशन जंक्शन परिसर से हुई, जहां चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और पहले दिन 37 ऑटो वाहनों पर डेटाबेस स्टिकर लगाए गए। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए शुरू किए गए इस विशेष अभियान की शुरुआत आज मुख्य रेलवे स्टेशन जंक्शन परिसर में जागरूकता कार्यक्रम के साथ की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने चालकों से सीधा संवाद किया। एसपी ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने और यात्रियों से मर्यादित व्यवहार करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में चालकों की भूमिका बेहद अहम है। अभियान के पहले दिन 37 ऑटो वाहनों पर विशेष ‘डेटाबेस स्टिकरÓ लगाए गए। यह स्टिकर पुलिस द्वारा सत्यापित चालकों को ही दिए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कटनी शहर में करीब 7500 ऑटो और ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इन सभी वाहनों का चरणबद्ध तरीके से पुलिस सत्यापन किया जा रहा है, ताकि अवैध और बिना अनुमति चल रहे वाहनों पर रोक लगाई जा सके। हर सत्यापित वाहन के पीछे लगाए जाने वाले स्टिकर में चालक का मोबाइल नंबर, वाहन का पंजीकरण क्रमांक, पुलिस सहायता केंद्र का नंबर और आपातकालीन संपर्क नंबर दर्ज रहेगा। इससे जरूरत पड़ने पर यात्री तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकेंगे। यह व्यवस्था खास तौर पर महिलाओं और बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षा की भावना बढ़ाएगी। किसी तरह के दुर्व्यवहार या सामान गुम होने की स्थिति में यात्री स्टिकर पर दी गई जानकारी के माध्यम से पुलिस को तत्काल सूचना दे सकेंगे। एसपी ने साफ किया कि यह अभियान चालकों पर दबाव बनाने या केवल चालान काटने के लिए नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य सुधार और जागरूकता है, ताकि चालक जिम्मेदारी के साथ सेवा दें। जो ऑटो और ई-रिक्शा चालक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करेंगे और यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे, उन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। इससे चालकों को सकारात्मक संदेश मिलेगा। शहर के प्रमुख चौराहों पर बेतरतीब खड़े ऑटो और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है।
कटनी में सुरक्षित सफर की पहल: ऑटो-ई-रिक्शा चालकों का पुलिस सत्यापन, वाहनों पर लगे डेटाबेस स्टिकर












Leave a Reply