13 लाख की चोरी का खुलासा: कटनी पुलिस को मिली सफलता, आरोपी गिरफ्तार

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के माधवनगर थाना अंतर्गत क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने गुरूवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित की गई पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि माधवनगर थाना क्षेत्र के कैरन लाइन निवासी अमित जैसवानी ्रअपने घर से ही एक निजी एजेंसी का संचालन करते हैं। इस एजेंसी में जिले के माइक्रो फाइनेंस एजेंट नकदी जमा करते थे। अमित जैसवानी इस राशि को कंपनियों के पोर्टल के माध्यम से जमा करते थे, जिसे बाद में बैंकों में जमा कराया जाता था। वित्तीय वर्ष की समाप्ति और बैंकों में अवकाश के कारण अमित जैसवानी के पास करीब करीब 13 लाख रुपए की नकदी जमा हो गई थी। इसी बीच उनके सूने घर का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया गया। जिसकी शिकायत अमित जैसवानी ने माधवनगर थाने में की। लाखों रूपए की चोरी की वारदात की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौका मुआएना किया और वारदात स्थल के आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा। विवेचना के दौरान वारदात के संभावित समय पर एक संदिग्ध व्यक्ति इलाके में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाते हुए जबलपुर की ओर भागे संदेही को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान संदेही ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक से 12 लाख 51 हजार 995 रुपए बरामद कर लिए हैं। लाखों रूपए की चोरी करने के आरोप में पकड़ा गया युवक कुठला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक निवासी मगन उर्फ राजवीर पिता छेदीलाल यादव (46) है। आरोपी से बिना नंबर का दो पहिया वाहन भी जब्त किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी में माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक अजीत बागरी, भूवनेश्वर बागरी, आरक्षक लोकेन्द्र नवीन शुक्ला, महिला आरक्षक आरती, स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन, जबलपुर जिले की सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्कों की भूमिका रही।पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *