जनमत हिन्दी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में कटनी पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से मिशन चौक तक एक विशाल जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज एवं भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। मैराथन में साधुराम हायर सेकेंडरी स्कूल, बाडस्ले हायर सेकेंडरी स्कूल एवं कन्या शाला पुरवार के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “नशा मुक्त हो मध्य प्रदेश”, “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” तथा “भारत माता की जय” जैसे प्रेरणादायी नारों के साथ शहरवासियों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। मैराथन मार्ग पर उपस्थित नागरिकों ने भी इस अभियान का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मैराथन के उपरांत फॉरेस्टर प्लेग्राउंड परिसर में छात्र-छात्राओं, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त समाज का संकल्प लिया गया तथा सामूहिक रूप से जनजागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने शपथ लेकर नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के समापन पर मैराथन में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों के लिए फल, मिष्ठान एवं पेयजल की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमती राखी पांडे, रक्षित निरीक्षक श्रीमती संध्या राजपूत, यातायात प्रभारी श्री अनूप सिंह, शिक्षा विभाग से क्रीड़ा अधिकारी श्री अनूप डांगीवाला, खेल विभाग से सुश्री श्रद्धा पांडे, सुश्री उमा चढ़ार, सुश्री रेखा पटेल, सामाजिक न्याय विभाग से श्री दिव्यांशु कुररिया सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कटनी पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक कर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त मध्य प्रदेश के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
स्वस्थ युवा, सशक्त भारत का संकल्प: कटनी पुलिस ने मैराथन और मानव श्रृंखला से दिया नशामुक्ति का संदेश, नशे से दूरी है ज़रूरी के लगाए नारे
































































































Leave a Reply