जनमत हिन्दी। कटनी जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों, निगरानीशुदा, गुंडा बदमाशों, जिलाबदर अपराधियों, असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर व्यापक कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य लंबित वारंटों की तामील, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना रहा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 67 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया गया। इसके अलावा 33 जमानती वारंट और 27 समंस तामील किए गए। कुल 106 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। कॉम्बिंग अभियान के तहत 34 गुंडा बदमाशों और 35 निगरानीशुदा अपराधियों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। वहीं दो जिलाबदर बदमाशों की भी जांच की गई। अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज किए गए। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने वाले दो लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस, 45 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।
कटनी में पुलिस का मेगा कॉम्बिंग अभियान: वारंटी, गुंडे और निगरानीशुदा बदमाशों पर कसा शिकंजा






























































































Leave a Reply