जनमत हिन्दी। कटनी जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों को रोकने के लिए के पुलिस ने सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में अभियान पूरे जिले में एक साथ चलाया गया। जिससे अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। अभियान जिले के चारों अनुभागों में अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया गया। जिसमें सभी थाना और चौकी प्रभारियों सहित काफी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही। अभियान के दौरान फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, निगरानी बदमाशों की जांच, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष फोकस किया गया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 112 से अधिक वारंट तामील किए, जिनमें 29 स्थायी वारंट, 54 गिरफ्तारी वारंट, 29 जमानती वारंट और 52 समंस शामिल हैं। इसके अलावा 45 से अधिक गुंडा बदमाशों और 50 से अधिक निगरानी बदमाशों की सघन जांच कर उनके जीवनयापन के तरीकों का सत्यापन किया गया। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए। वहीं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत 2 व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई कर उनके वाहन जब्त किए गए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत भी व्यापक कार्रवाई की गई। धारा 170 बीएनएसएस के तहत 6 आरोपियों पर कार्रवाई की गई, जबकि धारा 126 और 135 के तहत 98 व्यक्तियों और धारा 129 के तहत 17 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें पाबंद किया गया। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने पैदल और मोबाइल वाहनों से जिले के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सघन जांच की। साथ ही होटल, ढाबों, लॉज और विवाह घरों की भी तलाशी ली गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। बतादें कि पुलिस विभाग कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कॉबिंग गश्त के माध्यम से पूरे जिले में पूरी जांच अभियान चला रहा है।
कटनी में पुलिस का एक्शन: वारंटियों की धरपकड़, बदमाशों पर नजर, रात भर चली कॉम्बिंग गश्त










Leave a Reply