सवालों के घेरे में मुड़वारा स्टेशन लॉन कम कंटेनर रेस्टोरेंट: बिना नए टेंडर के बदल दी लोकेशन और बढ़ा दिया निर्माण, नियम दरकिनार

जनमत हिन्दी। कटनी मुड़वारा स्टेशन पर लॉन कम कंटेनर रेस्टोरेंट खोले जाने को लेकर रेलवे के अफसरों की मिली भगत से संचालक की बड़ी मनमानी सामने आई है। रेस्टोरेंट के लिए प्रस्ताव कहीं और के लिए दिया गया था और खोल कहीं और लिया गया है। इतना ही नहीं इसे सिर्फ ग्राउंड फ्लोर तक सीमित रखना था पर मनमाने तरीके से विस्तार देते हुए एक और मंजिल बना ली गई। कटनी मुड़वारा स्टेशन पर लॉन कम कंटेनर रेस्टोरेंट खोले जाने के लिए अनसोलिसिटेड प्रपोज के आधार पर डीआरएम (कामर्शियल) जबलपुर ने ओपन टेंडर जारी किया था सालाना 6 लाख 68 हजार 880 रुपए के हिसाब से 5 साल के लिए 35 लाख 51 हजार 763 रुपए का ओपन टेंडर जारी किया गया था लॉन कम कंटेनर रेस्टोरेंट के लिए मुड़वारा स्टेशन से कुछ दूरी पर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के सामने कोने की जगह निर्धारित की गई थी, यह 1200 वर्ग फीट में सिंगल स्टोरी के रूप में अस्थाई रूप से तैयार किया जाना था लेकिन संचालक और रेलवे की कमर्शियल विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से इसे पोस्टमार्टम हाउस के सामने न बनाकर मुड़वारा स्टेशन क्षेत्र में प्रवेश द्वार के पास में बना दिया गया, इतना ही नहीं टेंडर की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करते हुए डबल स्टोरी लॉन कम कंटेनर रेस्टोरेंट खड़ा कर दिया गया। संचालक की इस मनमानी से रेलवे के कमर्शियल विभाग के अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।टेंडर की शर्तों के मुताबिक यदि पहला टेंडर जारी होने के बाद उसमें कोई परिवर्तन किया जाता है तो सार्वजनिक रूप से उसकी सूचना जाहिर की जाती है, ताकि नई शर्तों के हिसाब से इच्छुक अन्य ठेकेदार भी उसमें शामिल हो सकें व पारदर्शिता नियमों का पालन हो सके। रेलवे ने इसका पालन नहीं किया और संचालक के साथ मिली भगत कर निर्धारित स्थल की बजाय दूसरी जगह पर सिंगल की जगह डबल स्टोरी कंटेनर रेस्टोरेंट खड़ा कर दिया। इस मामले पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के सीनियर डीसीएम मधुर वर्मा का कहना है कि यह बात सही है कि मुड़वारा स्टेशन पर कंटेनर रेस्टोरेंट के संचालन का प्रस्ताव पोस्टमार्टम हाउस के सामने का था पर उसे दूसरी जगह चलाया जा रहा है इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रिया नियमों का निर्देशों का पालन किया गया है। वही मुड़वारा स्टेशन के कंटेनर रेस्टोरेंट संचालक संदीप रघुवंशी का कहना है कि टेंडर की शर्तों के अनुसार कंटेनर रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है इसमें किसी प्रकार से किसी शर्त या नियम का उल्लंघन नहीं किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *