खुलेआम शराबखोरी से त्रस्त शहर: महिला कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में खुलेआम शराबखोरी के खिलाफ जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि हालात पर तत्काल लगाम नहीं लगाई गई तो कांग्रेस सड़कों पर उग्र आंदोलन करेगी। महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सुभाष चौक, घंटाघर और गर्ग चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर संचालित शराब दुकानों ने पूरे शहर का माहौल बिगाड़ कर रख दिया है। दुकानों के बाहर खुलेआम बैठकर शराब पीना, गाली-गलौज, झगड़े और असामाजिक गतिविधियां अब आम बात हो गई हैं, जिससे महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों का निकलना दूभर हो गया है। ज्ञापन में साफ कहा गया कि मंदिर, कॉलेज और बाजार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के पास शराब दुकानों का संचालन न सिर्फ नियमों की अनदेखी है, बल्कि यह शहर की सुरक्षा और सामाजिक मर्यादा पर सीधा हमला है। हर दिन बढ़ती अव्यवस्था के बावजूद प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। महिला कांग्रेस ने मांग की है कि शहर के बीच स्थित सभी शराब दुकानों को तत्काल हटाया जाए और दुकानों के बाहर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। महिला कांग्रेस ने यह भी कहा है कि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रति आबकारी विभाग को भी भेजी गई है। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। नियम विरूद्ध शराब दुकान के संचालन पर कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आदिता वर्मा, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कल्पना पाठक, शशि यादव, अभिषेक शिवहरे , मनोज वर्मा, प्रफुल्ल यादव की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *