कटनी में अपराधियों के हौसले बुलंद: कट्टा माथे पर सटाया, ट्रिगर दबाया, बाल-बाल बची डीजे संचालक की जान

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के पड़रभटा के छिंदहाई मोहल्ले में शनिवार देर रात रुपयों के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान कुछ युवकों ने एक डीजे संचालक पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली युवक के माथे के ऊपरी हिस्से को छूकर निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रभटा निवासी दुर्गा प्रसाद कोल  डीजे का संचालन करता है। शनिवार रात करीब 9 बजे छिंदहाई मोहल्ले की एक किराना दुकान पर सामान लेने गया था।  इसी दौरान क्षेत्र के एक टेंट व्यवसायी से जुड़े लगभग 5 युवक वहां पहुंचे। उन्होंने संचालक को घेर लिया और पुराने लेनदेन को लेकर गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने संचालक को धमकाया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने कट्टा दुर्गा प्रसाद के माथे से सटाकर गोली चला दी। सिर हिल जाने के कारण गोली माथे के ऊपरी हिस्से को छूकर निकल गई। इसके बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *