जेसीबी से तोड़े गए अवैध रास्ते: खनन माफियाओं में मचा हड़कंप, कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बुधवार को बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी घाटों पर सघन अभियान चलाया, जिसमें कई अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई गई। अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने क्षेत्र के बसाड़ी, भदौरा, सकरीगढ़, सुड्डी सहित आसपास के नदी घाटों पर दबिश देकर व्यापक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि स्थानीय स्तर पर अवैध खनन और परिवहन को सुगम बनाने के लिए कई अस्थायी पहुँच मार्ग बनाए गए थे। संयुक्त अमले की मौजूदगी में इन सभी अवैध रास्तों को जेसीबी मशीन द्वारा पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लग सके। निरीक्षण के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त एक वाहन को भी जब्त किया गया और उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस, राजस्व, खनिज और परिवहन विभाग की सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में अनुविभागीय दंडाधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी, उपसंचालक खनिज आरके दीक्षित, तहसीलदार बड़वारा ऋषि गर्ग, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, नायब तहसीलदार हर्षवर्धन रामटेके, उपनिरीक्षक पुलिस रामनाथ साकेत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *