कटनी-जबलपुर मार्ग पर खौफनाक वारदात: खड़े ट्रक में मिला चालक का शव, हत्या की आशंका

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत छपरा गांव स्थित रजा मार्बल के पास एक ट्रक में चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।पुलिस ने बताया कि जबलपुर जिले के खितौला निवासी लखराम मोहल्ला वार्ड निवासी राकेश पिता घासी राम दाहिया (42) पेशे से ट्रक चालक था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राकेश 10 अप्रैल 2026 को ट्रक लेकर कटनी गया था, कटनी से बिलहरी जाकर अपने वाहन में मटके लोड करके जबलपुर की ओर रवाना हुआ था इस बीच उसकी मौत होने की जानकारी मिली। स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि 10 अप्रैल की देर रात लगभग 2 बजे एनएचआई के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि छपरा के आगे रजा मार्बल के पास एक स्वराज माजदा ट्रक खड़ा हुआ है, जिसमें एक युवक का शव है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस टीम मौके पर घटना स्थल रवाना की गई। पुलिस टीम ने ट्रक में मिले युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। शव मिलने की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया और स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंची। दोनो पुलिस अधिकारियों द्वारा घटना स्थल का मौका मुआएना किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थल से करीब दो सौ मीटर दूर एक राड मिली है, राड में खून लगा हुआ है। फिंगर प्रिंट टीम द्वारा जांच कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। साथ ही मृत चालक के शरीर में भी चोट के निशान मिले हैं। चो के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या का आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के वास्तविक कारणों की जानकारी मिलेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *