कटनी में माझी समाज का भव्य परिचय सम्मेलन: युवा हाथों में सौंपी समाज की कमान, आशीष बने कार्यकारी अध्यक्ष

जनमत हिन्दी। कटनी में माझी समाज द्वारा रविवार को युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन बस स्टैंड ऑडिटोरियम में किया गया। सम्मेलन में जिले और बाहर से आए हुए विवाह योग्य दो सौ से ज्यादा युवक-युवतियों ने मंच से परिचय देकर सामाजिक एकता की मिसाल कायम की। इसके पहले भगवान गुहराज निषादराज जी की पूजा अर्चना की गई। पुरोहित राजकुमार बर्मन द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा सम्पन्न कराई गई। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की उपस्थिति रही। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने की। अन्य अतिथियों के रूप में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला, राजीव गांधी कॉलेज रीठी के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र राजपूत की उपस्थिति रही। माझी समाज के पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया। महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि मांझी समाज द्वारा परिचय सम्मेलन का आयोजन अनुकरणीय पहल है। इस तरह के आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए, इससे समाज को मजबूती मिलती है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि महंगाई के इस दौर में परिचय सम्मेलन और आदर्श विवाह जैसे आयोजन आज की जरूरत बन गए हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में एकजुटता आती है। उन्होंने माझी समाज की पूरी टीम को साधुवाद दिया। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि मांझी समाज द्वारा आयोजित परिचय सम्मेलन का आयोजन एक सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजनों से समाज में अच्छा संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट रखने में इस तरह के आयोजन मील का पत्थर साबित होते हैं। राजीव गांधी कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि माझी समाज द्वारा पिछले 25 सालों से यह आयोजन किया जा रहा है। जो कि सराहनीय पहल है, इसके लिए माझी समाज की पूरी टीम बधाई की पात्र हैं। कार्यक्रम के दूसरे चरण में माझी समाज बागडोर युवा हाथों में सौंपने की घोषणा की गई। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की सहमति से जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया ने नगर अध्यक्ष आशीष रैकवार को माझी समाज का कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया। अपने उद्बोधन में कार्यकारी अध्यक्ष आशीष रैकवार ने नई जिम्मेदारी का पूरी जवाबदारी के साथ निर्वहन किए जाने की बात कही। माझी समाज के संरक्षक किशोरी लाल बर्मन दीवान का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। माझी समाज जिला के अध्यक्ष महेश सोंधिया को भी स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राजेश निषाद, उप संचालक विजय सोंधिया और आभार प्रदर्शन कार्यकारी अध्यक्ष आशीष रैकवार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *