कटनी में बेखौफ चोर-पुलिस गश्त पर उठे सवाल: ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश, नकदी सहित लाखों के आभूषण चोरी


जनमत हिन्दी। कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत साईं कॉलोनी की गली नंबर-6 में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर न केवल ₹95,000 की नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के भारी जेवरात भी बटोर ले गए। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित अपनी बीमार माँ का इलाज कराने नागपुर गया हुआ था। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, साईं कॉलोनी निवासी अजय बैरागी (पिता भारत गुप्ता, उम्र 23 वर्ष) वर्तमान में कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमित सोनी (झूकेही वाले) के मकान में किराए से रहता है। अजय अपनी बीमार माँ का इलाज कराने के लिए बीते 29 जून 2026 को नागपुर गया हुआ था। इस दौरान उसका पूरा घर सूना था। पीड़ित अजय बैरागी ने बताया कि जब वह 4 जुलाई 2026 को वापस कटनी आया और अपने घर पहुँचा, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोरों ने 2 जुलाई की रात से 3 जुलाई की सुबह के बीच सूने घर का ताला चटकाया और अंदर दाखिल हुए। चोरों ने बेडरूम में रखी अलमारी को खंगालकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगद चोरी कर लिए। चोरों ने घर से 2 नग सोने के हार, 4 नग सोने की अंगूठियां, 3 नग सोने की चेन और भगवान की 1 नग सोने की चेन, चांदी की 3 जोड़ी चांदी की पायल, 2 नग चांदी की करधन और 8 नग चांदी की बिछिया सहित 95 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए हैं। घर वापस लौटने और चोरी का पता चलने के बाद पीड़ित ने तुरंत कुठला थाना पहुँचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। कुठला थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *