जनमत हिन्दी। कटनी शहर के रंगनाथ थाना अंतर्गत स्थित एक खदान के पानी में एक युवक का शव उतराते हुए मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान घर से दो दिन से लापता मदन मोहन चौबे वार्ड निवासी बादल पिता बुद्धु कोल (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बजाज एजेंसी के पीछे स्थित चौबे खदान में स्थानीय लोगों ने पानी में शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद तुरंत रंगनाथ थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खदान काफी गहरी होने के कारण शव को बाहर निकालने के लिए स्थानीय गोताखोरों और नागरिकों की मदद ली गई। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पहचान मदन मोहन चौबे वार्ड निवासी बादल कोल (35) पिता बुधु कोल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बादल पिछले दो दिनों से घर से लापता था।परिवार के लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे और रिश्तेदारों व आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था। मृतक के भाई ने बताया कि बादल को लंबे समय से मिर्गी की बीमारी थी। परिजनों का मानना है कि संभव है खदान के पास जाते समय उसे मिर्गी का दौरा पड़ा हो और वह संतुलन खोकर गहरे पानी में गिर गया हो, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती तौर पर मामला डूबने का लग रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
कटनी में खदान के पानी में मिला युवक का शव: दो दिन से लापता था, पीएम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा










Leave a Reply