महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस: महंगाई, गैस और पेट्रोल-डीजल पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, सौंपा ज्ञापन

जनमत हिन्दी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कटनी जिले में बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की कमी और लगातार बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में वृद्धि, पेट्रोल-डीजल के दामों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज आमजन महंगाई की मार से कराह रहा है। रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि और समय पर पर्याप्त उपलब्धता का अभाव सरकार की नीतिगत विफलता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि गैस कीमतों में अनियंत्रित बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार तंत्र पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। प्रत्येक नागरिक को रसोई गैस की सुचारु, और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगे कहा कि गैस की कमी के कारण जहां आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं छोटे व्यापारियों, रेस्टोरेंट संचालकों और होटल व्यवसायियों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई स्थानों पर खाना बनाने में असमर्थता के चलते रेस्टोरेंट और होटल अस्थायी रूप से बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। परिवहन लागत में वृद्धि के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आमजन का जीवन और अधिक कठिन होता जा रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंह, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, अजय जैसवानी, मुकेश परोहा, मंगल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या राधेलिया, अल्प संख्ययक मोर्चा के जिला अध्यक्ष आफताब अहमद सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *