गैस संकट और महंगाई पर फूटा गुस्सा: गलत विदेश नीति से परेशान हो रहे देशवासी, कांग्रेस का केंद्र सरकार पर तीखा हमला

जनमत हिन्दी। पूरे देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों के विरोध में शुक्रवार को कटनी के बड़वारा मुख्यालय पर कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस और युवा कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड स्थित मशीन चौक पर धरना दिया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़ी मांगों के जल्द निराकरण करने की मांग की। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इन नीतियों और अंतरराष्ट्रीय समझौतों का परिणाम आज पूरे देश की गरीब और मध्यमवर्गीय जनता भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के कारण देश एक बार फिर 90 के दशक में पीछे चला गया है। इसराइल ने आगे कहा कि उज्ज्वला योजना के सिलेंडर अब सिर्फ दिखावटी वस्तु बन गए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग फिर से चूल्हे पर खाना पकाने को मजबूर हैं। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों और जनता को हो रही किल्लत का भी जिक्र किया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय स्तर पर गैस वितरण व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विकास निगम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास निगम ने आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर वितरण करने वाली गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। उन्होंने प्रशासन से उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए इन गाड़ियों को नियमित रूप से गांवों में भिजवाना सुनिश्चित करने की मांग की। महंगाई के अलावा कांग्रेस ने स्थानीय जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिंह बघेल ने कहा कि बड़वारा क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कीमतें बेलगाम हो चुकी हैं, जिससे आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। इसके अलावा उन्होंने बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। मरीजों को न तो समय पर इलाज मिल रहा है और न ही दवाइयां। कांग्रेस ने स्थानीय प्रशासन और सरकार से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारा जाए, ताकि गरीबों को समुचित इलाज मिल सके। विरोध प्रदर्शन के दौरान घटना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार को कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *