स्कूल पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी: शिक्षक बन छात्रों को पढ़ाया, सफलता का मंत्र बताया

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में स्कूल चलें हम अभियान के तहत शासन के निर्देश पर शासकीय स्कूलों में भविष्य से भेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि अलग-अलग सरकारी स्कूलों में पहुंचे। जहां उन्होंने स्कूली बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ अपने अनुभव साझा किए। छात्रों से संवाद कर उन्हें बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले के 87 अधिकारियों ने 100 से अधिक शासकीय विद्यालयों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अधिकारियों ने बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने के लिए प्रेरित किया। झिंझरी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों से उनके सपनों के बारे में पूछा और उन्हें जीवन में एक ठोस लक्ष्य तय करने की प्रेरणा दी। सीईओ ने बच्चों के साथ समय बिताने के अलावा स्कूल में मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का भी सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इसके अलावा सीईओ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेवरी में भी आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। भविष्य से भेंट अभियान के तहत नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक शाला में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से करियर और जीवन से जुड़ी सीख दी। शासकीय माध्यमिक शाला रॉबर्ट लाइन में पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने शिक्षकों और छात्रों के साथ सीधा संवाद किया।उन्होंने छात्रों से कहा कि वे स्वयं तो आएं ही, साथ ही स्कूल नहीं आने वाले अपने साथियों को भी साथ लेकर आएं। उन्होने ने निर्देशित किया कि विद्यालय पूरे समय संचालित हों और सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों की तर्ज पर उच्च स्तरीय अध्यापन कराया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी ने पीएम श्री विद्यालय सलैया फाटक का भी दौरा किया, जहां उन्होंने नि:शुल्क पुस्तक वितरण की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को घर-घर जाकर पालकों से मिलें और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने का प्रयास करें। उन्होने कहा कि पालकों को समय-समय पर स्कूल बुलाकर विद्यालय की गतिविधियों और बच्चों की प्रगति की जानकारी दी जाए। इसी प्रकार अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेंकट वार्ड और शासकीय ईपीएस खिरहनी, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी शासकीय ईपीएस कुठला, एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि सिंह गोहल शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय ढीमरखेड़ा, एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बहोरीबंद, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवराकला ने भी भविष्य से भेंट कार्यक्रम में बच्चों से संवाद किया और बेहतर भविष्य और सफलता के मंत्र दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *