जनमत हिन्दी। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से आने वाले करोड़ों रूपए खपाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में कटनी जिले के आरोपियों के टैक्स सलाहकार को गिरफ्तार किया है। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई बारीकी से पूछताछ में आरोपी हिमांशु सोमवानी ने सट्टे के इस काले कारोबार की परतों को खोलते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी थी। हिमांशु ने स्वीकार किया कि वह मुख्य आरोपी योगेश बजाज के सीधे संपर्क में था। वह योगेश द्वारा ऑनलाइन सट्टे से कमाई गई काली कमाई को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से नकद में बदलकर वापस उपलब्ध कराता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने पिता के नाम पर रजिस्टर्ड फर्म हितेश ट्रेडर्स का उपयोग इस अवैध लेनदेन के लिए किया। जांच में पाया गया कि अकेले इस फर्म के खाते से लगभग एक करोड़ रुपए का संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुआ है। आरोपी ने न सिर्फ अपनी फर्म बल्कि अपनी बहन एकता सोमवानी की फर्म प्रसून ऐश्वर्या इंटरप्राइजेज के खातों को भी योगेश बजाज के हवाले कर रखा था। इन खातों के माध्यम से सट्टे की रकम का लेनदेन कमीशन के आधार पर किया जाता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने योगेश बजाज, योगेश मूलचंदानी और उनके परिजनों के खातों से आने वाली सट्टे की राशि को मैनेज किया। जांच में अब तक दो करोड़, १२ लाख रुपए के संदिग्ध लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। विवेचना के दौरान पूर्व में तरुण मोटवानी, अवधेश गुप्ता और मनीष असरानी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब हिमांशु सोमवानी द्वारा बताए गए अन्य संदिग्ध खातों और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय दुबे, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, नवीन नामदेव, आरक्षक उमाकान्त तिवारी, लोकेन्द्र सिंह, मणि सिंह, चालक नवीन शुक्ला और साइबर सेल कटनी की विशेष भूमिका रही। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी संतोष डेहरिया और सीएसपी नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में की गई है।
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा: टैक्स सलाहकार को पुलिस ने दबोचा, काली कमाई को नकद में बदलने का आरोप









Leave a Reply