दद्दा धाम में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव रविवार से: सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतज़ाम, विधायक संजय पाठक ने लिया तैयारियों का जायजा

जनमत हिन्दी। दद्दा धाम परिसर में रविवार से शुरू हो रहे पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल में मनाया जाएगा।  मंदिर में  दद्दा जी के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और पुष्प मालाओं से सजाया गया है। शिष्य मंडल, श्रद्धालु और सेवकगण तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति के सदस्यों के अनुसार, महोत्सव की शुरुआत रविवार सुबह 8 बजे पार्थिव शिवलिंग निर्माण से होगी। इसके बाद 12   बजे महा रुद्राभिषेक संपन्न किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। रुद्राभिषेक के के बाद महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी भक्तगण प्रसाद ग्रहण करेंगे। भक्ति रस से ओतप्रोत माहौल में प्रसिद्ध भजन गायिका संजो बघेल सुबह 8 बजे से अपने भजनों की प्रस्तुति देंगी। उनकी सुरीली आवाज़ में शिव शंकर की महिमा जय दद्दा जी महाराज जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठेंगे। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि पांच दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें हवन, पूजन, कथा और संकीर्तन शामिल हैं। महोत्सव के पूर्व संध्या पर शनिवार शाम श्री बजरंग बाल रामायण समाज द्वारा सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही परंपरा के अनुसार शिव के प्राथमिक स्वरूप में गोलियां काटने की विधि संपन्न की गई। इस अवसर पर मंदिर में काफी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। समिति द्वारा सुरक्षा और सुविधा की विशेष व्यवस्था की गई है। दद्दा जी मंदिर प्रबंधन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाएं और दद्दा जी महाराज की कृपा प्राप्त करें। कार्यक्रम को तैयारियों की भी लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। शनिवार विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पंडाल सहित आवागमन के रास्तों को देखा और श्रद्धालुओं की भीड़ के प्रबंधन को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त  पुलिस अ धीक्षक डॉ संतोष डेहरिया भी पहुंचे। उनके साथ माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे और यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडेय भी पहुंचे थे।
पुलिस अधिकारियों ने विधायक संजय पाठक के साथ मिलकर कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन को लेकर चर्चा की।  कार्यक्रम स्थल पर एक ओर से आने और एक जाने के की आवागमन व्यवस्था बनाए जाने पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं के अलग से पंडाल बनाए जाने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान दद्दा शिष्य मंडल के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *