जनमत हिन्दी। कटनी आशा किरण बाल गृह में शनिवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर और वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने बच्चों के बीच बैठकर सहजता से संवाद किया और उनके विचारों को जाना। बातचीत के दौरान नमन साहू ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है। उसने बताया कि उसे कोडिंग में रुचि है और वह तकनीक की दुनिया को समझने के लिए लगातार प्रयास करता है।
नमन की बात सुनकर कलेक्टर श्री तिवारी ने उसकी रुचि की सराहना की और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसी दौरान पवन साहू ने बताया कि वह भविष्य में डॉक्टर बनना चाहता है। बच्चों द्वारा अपने सपनों को साझा करने पर कलेक्टर ने उन्हें मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास का महत्व बताया और आगे बढ़ने का जज्बा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने बाल गृह में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कंप्यूटर लैब पहुंचकर बच्चों के लिए उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद विश्राम कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं।
कलेक्टर ने बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सकारात्मक एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने बाल गृह परिसर में अमरूद का पौधा भी लगाया।

































































































Leave a Reply