नगर निगम के सामने युवा कांग्रेस का महाघेराव: सड़क, पानी, सीवर और भ्रष्टाचार के मुद्दे, ताला तोड़कर अंदर बैठे कार्यकर्ता

जनमत हिन्दी। कटन नगर निगम क्षेत्र की जनसमस्याओं, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं, वर्षों से लंबित योजनाओं, भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों तथा मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति के विरोध में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने नगर निगम कटनी के सामने महाघेराव किया। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और आम नागरिक रैली के रूप में नगर निगम पहुंचे। इस दौरान “चार साल कटनी शहर बदहाल” के नारे लगाए गए और भाजपा महापौर के खिलाफ नारेबाजी की गई।महाघेराव का आयोजन प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु और जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने किया। नगर निगम के सामने पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक विरोध के तौर पर नकली नोटों की गड्डियों से भरा सूटकेस नगर सरकार को सौंपा और भ्रष्टाचार तथा कमीशनखोरी के आरोप लगाए। वहीं, घरों में दोनों समय पानी की मांग को लेकर महिला कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर विरोध जताया।स्थिति उस समय उग्र हो गई, जब प्रदेश अध्यक्ष सहित युवा कांग्रेस नेता अपनी मांगें अधिकारियों तक पहुंचाना चाह रहे थे, लेकिन कोई संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नगर निगम गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बैठकर नारेबाजी की।ये मुद्दे उठाएयुवा कांग्रेस ने बदहाल सड़कों से गड्ढों से मुक्ति और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग की। जल संकट के मुद्दे पर पर्याप्त जलापूर्ति और दोनों समय पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।कांजी हाउस में गौवंश की सुरक्षा, भोजन, पानी, चिकित्सा और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की मांग की गई। सीवर प्रोजेक्ट में वर्षों की देरी और निर्माण गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई गई।IHSDP आवास योजना में पात्र गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने और अपात्र कब्जों की जांच की मांग की गई। योजना क्रमांक 2 में 132 हितग्राहियों को वर्षों से लंबित भूखंडों का कब्जा दिलाने की मांग रखी गई।योजना क्रमांक 15 में लगभग 20.50 एकड़ अधिग्रहित भूमि से जुड़े प्रकरण में भाजपा विधायक संजय पाठक और उनके परिवार से संबंधित कंपनियों/व्यक्तियों के नाम से जुड़े कथित भूमि लेन-देन और कब्जे की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच तथा अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई।योजना क्रमांक 6 में लगभग 11,000 वर्गफुट आरक्षित भूमि से जुड़े कथित अतिक्रमण और अनियमितता की जांच की मांग की गई। योजना क्रमांक 17 में भूखंड विक्रय प्रकरण की जांच रिपोर्ट के आधार पर FIR और कानूनी कार्रवाई की मांग रखी गई।MSW कंपनी से संबंधित कचरा व्यवस्था, वाहनों की खरीद और टेंडर प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई। शहर में सिटी बस सेवा पुनः शुरू करने तथा मल्टीलेवल पार्किंग और चौपाटी के अधूरे कार्य तत्काल पूरे करने की मांग उठाई गई।आउटसोर्स कर्मचारियों की संख्या, उपस्थिति, भुगतान और कार्यस्थल की भौतिक जांच की मांग की गई। घोषित अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को शीघ्र शुरू करने, बजरंग कॉलोनी में झूलते विद्युत तारों और असुरक्षित विद्युत व्यवस्था का तत्काल समाधान करने की मांग भी रखी गई।महापौर जनसुनवाई बंद करने के बजाय जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।युवा कांग्रेस ने उठाया चार साल की नगर सरकार का मुद्दायुवा कांग्रेस ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महापौर निर्वाचित हुईं प्रीति सूरी बाद में भाजपा में शामिल हुईं और नगर सरकार के चार वर्ष पूरे हो चुके हैं। संगठन का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए विकास के वादों के बावजूद सड़क, पानी, सीवर, सफाई, पार्किंग और अन्य मूलभूत समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ और शहर बदहाली की ओर गया।प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने कहा कि महाघेराव कटनी की जनता की आवाज है। जनता टैक्स देती है तो सड़क, पानी, सफाई, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने कहा कि चार साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन जनता आज भी सड़क, पानी, सीवर, सफाई और पार्किंग जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि जनता चुनावी वादों, विकास कार्यों और नगर निगम के संसाधनों का हिसाब चाहती है।दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने आरोप लगाया कि MSW और सीवर प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार का खुला उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर नगर निगम फंड का रोना रोता है, दूसरी ओर विधायक संजय पाठक नगर निगम को बेशकीमती जमीन अवैध तरीके से हड़प कर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में विकास को गति कैसे मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जनता के हित में सड़कों के साथ कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी।युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कहा कि हजारों युवाओं और आम नागरिकों ने नगर निगम के सामने अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि जल संकट के विरोध में महिलाओं द्वारा मटके फोड़ना और नकली नोटों से भरा सूटकेस सांकेतिक विरोध स्वरूप सौंपना जनता के आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अब जनता जवाब और हिसाब दोनों चाहती है।NSUI जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि शहर की समस्याओं का सीधा असर छात्रों और युवाओं पर पड़ता है। उन्होंने बेहतर सड़क, पानी, परिवहन, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं को युवाओं का अधिकार बताते हुए अंग्रेजी माध्यम के स्कूल शुरू करने और सिटी बस सेवा तुरंत बहाल करने की मांग की।युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या राँधेलिया ने कहा कि कटनी की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की है। जनता द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देना स्थानीय सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच हो और दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने घरों में दोनों समय पानी उपलब्ध कराने और गरीबों को आवास अविलंब आवंटित करने की मांग की।युवा कांग्रेस ने मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मामलों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। आवश्यकतानुसार थर्ड पार्टी तकनीकी और वित्तीय ऑडिट कराया जाए, दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो और सभी लंबित कार्यों की समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए।युवा कांग्रेस ने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा जनता की सुविधाओं पर खर्च होना चाहिए। प्रत्येक योजना और निर्माण कार्य में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। संगठन ने कहा कि जल्द सभी बिंदुओं पर कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदार नगर भाजपा सरकार होगी।महाघेराव के दौरान पूर्व विधायक बसंत सिंह, जालिम यादव, राजा जगवानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल पांडे, मौसूफ अहमद बिट्टू, मनोज गुप्ता, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सचिन गर्ग, आईटी प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, सुरेंद्र राणा, अनुराग दहिया, राजीव पटेल, आदित्य कटारे, चोखे भाईजान, विनीत जायसवाल, मुकेश यादव, राहुल पटरिया, अजय खटीक, संतोष यादव, दानिश अहमद, अभिषेक प्यासी, प्रशांत सिन्हा, राघवेन्द्र सिंह, बसंत दिवेदी, प्रिंस वंशकार, रवि जायसवाल, सुनील कुशवाहा, ब्रजेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *