जनमत हिन्दी। कटनी के शासकीय जिला अस्पताल की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल से महिला के कूदने की घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घायल महिला की पहचान इंद्रा ज्योति कॉलोनी माधवनगर निवासी 45 वर्षीय दुर्गा वंशकार पति संतोष वंशकार के रूप में हुई है। बताया गया है कि पुणे जाने को लेकर पति से हुए घरेलू विवाद के बाद महिला ने यह कदम उठाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि एक आम महिला निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर चौथी मंजिल तक कैसे पहुंच गई। अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों या निर्माण कार्य में लगे लोगों में से किसी ने भी महिला को निर्माणाधीन भवन की ओर जाते या सीढ़ियां चढ़ते समय क्यों नहीं रोका।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन स्थल की घेराबंदी होती या मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड मुस्तैद होते, तो महिला को समय रहते रोका जा सकता था।महिला के चौथी मंजिल पर पहुंचने के बाद लोगों का ध्यान उस ओर गया। इसके बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे पुलिस बल, अस्पताल स्टाफ, सुरक्षा गार्ड और महिला के परिजन करीब 30 मिनट तक उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। इसके बावजूद महिला ने किसी की बात नहीं मानी और सबके सामने छलांग लगा दी।महिला की सास मालती बाई वंशकार के अनुसार दुर्गा अपने पति के साथ पुणे जाने की जिद कर रही थी। बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण पति फिलहाल उसे साथ ले जाने में असमर्थ था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकली और अस्पताल की नई बिल्डिंग पर चढ़ गई। छलांग लगाते ही परिसर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने महिला को तुरंत इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। जिला सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि महिला का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य है। ऊंचाई से गिरने के कारण फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटों की जांच कराई जा रही है। वहीं पुलिस सुरक्षा में हुई चूक और घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
अस्पताल की चौथी मंजिल से महिला ने लगाई छलांग: घरेलू विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

































































































Leave a Reply