एनएच-43 पर बाइक को ट्रक ने रौंदा: दो की मौके पर मौत, एक युवक गंभीर घायल

जनमत हिन्दी। कटनी में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर शनिवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बड़वारा थाना क्षेत्र के नायरा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को रौंद दिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1 बजे तीन लोग बाइक पर सवार होकर कटनी की तरफ से अपने गांव कोड़िया, चंदिया, जिला उमरिया लौट रहे थे। नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर उमरिया की ओर से कटनी आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गलत लेन में आकर बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में राममिलन नापित (45 वर्ष, निवासी ग्राम कोड़िया, थाना चंदिया, जिला उमरिया) और रामसुजान नापित (40 वर्ष, निवासी ग्राम ठितवार, जिला कटनी) के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस आपातकालीन सेवा डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सड़क किनारे गंभीर स्थिति में पड़े तीसरे युवक अभिषेक नापित, निवासी ग्राम कोड़िया, थाना चंदिया, जिला उमरिया को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की देखरेख में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अस्पताल में घायल अभिषेक ने बताया कि वे अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और यातायात सुचारू कराया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *