चलती ट्रेन से गिरी डेढ़ साल की बच्ची: यात्रियों ने चेन पुलिंग कर बचाई जान, हालत गंभीर

जनमत हिन्दी। जबलपुर में पवन एक्सप्रेस में मां के साथ सफर कर रही डेढ़ साल की बच्ची चलती ट्रेन से अचानक नीचे गिर गई। घटना 15 सितंबर को कटनी-जबलपुर के बीच हुई। ट्रेन कटनी स्टेशन से निकलने के बाद करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। बच्ची इमरजेंसी खिड़की से करीब 8 फीट नीचे नुकीली गिट्टियों पर जा गिरी।बच्ची के गायब होने पर उसकी मां संजीदा खातून बदहवास हो गईं। यात्रियों ने बच्ची के ट्रेन से बाहर गिरने की आशंका जताई और तत्काल चेन पुलिंग की। इसके बाद यात्री ट्रैक पर दौड़े और बच्ची को उठाकर ट्रेन में लाए। बच्ची के सिर, पीठ, हाथ-पैर में चोट लगी थी और शरीर से खून निकल रहा था।26 वर्षीय संजीदा मुजफ्फरपुर की रहने वाली हैं। उनके पति मुंबई में नौकरी करते हैं। वह अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ मुजफ्फरपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल, मुंबई जा रही थीं। संजीदा लोअर बर्थ पर बच्ची को साइड में लिटाकर मोबाइल देख रही थीं।इसी दौरान बच्ची उठी और इमरजेंसी खिड़की की रॉड पकड़कर खड़ी होने की कोशिश करने लगी। ट्रेन के झटके से वह खिड़की से बाहर जा गिरी। बच्ची के अचानक गायब होने पर मां को कुछ समझ नहीं आया।यात्रियों के मुताबिक इमरजेंसी खिड़की में सामान्य खिड़की की तुलना में कम रॉड लगी थीं। इसके चलते खिड़की में गैप था। बच्ची ने रॉड पकड़कर खड़े होने की कोशिश की और ट्रेन के झटके के साथ बाहर गिर गई।ट्रेन की रफ्तार और करीब 8 फीट की ऊंचाई से गिरने के बावजूद बच्ची की हालत देखकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। कई यात्रियों ने इसे चमत्कार बताया।ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और कमर्शियल विभाग की टीम ने बच्ची को अटेंड किया और जिला अस्पताल लेकर गई। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।संजीदा ने बताया कि जबलपुर में उनका कोई परिचित नहीं है और वह बच्ची का आगे का इलाज मुंबई में कराना चाहती हैं। इसके बाद रेल प्रबंधन ने उन्हें दूसरी ट्रेन से मुंबई रवाना किया।आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि घटना कटनी स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के दौरान हुई। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट होने के कारण बच्ची को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।

वैकल्पिक हेडिंग:पवन एक्सप्रेस की इमरजेंसी खिड़की से गिरी डेढ़ साल की बच्ची, यात्रियों ने चेन पुलिंग कर बचाई जान 70 की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन से 8 फीट नीचे गिरी मासूम, यात्रियों ने ट्रैक पर दौड़कर उठाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *