सड़क किनारे दिखा बाघ: वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के बरही वन परिक्षेत्र के अंतर्गत केवलारी गांव के पास सड़क किनारे एक वयस्क बाघ की आवाजाही से आसपास के ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है। गुरुवार को सड़क किनारे मौजूद बाघ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त और सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है।*सड़क पर बाघ देखकर सहमे राहगीर*प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, केवलारी मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने बाघ को सड़क के किनारे शांत खड़े देखा, जो कुछ देर बाद झाड़ियों की ओर चला गया। राहगीरों ने दूर से ही इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।*चार दिन में दूसरी बार टाइगर मूवमेंट*बरही रेंज में बाघ की यह पहली दस्तक नहीं है। इससे पहले 5 सितंबर को समीपी गांव बरमानी में स्थानीय किसान मनीष यादव के खेत के पास बाघ देखा गया था। मात्र चार दिनों के भीतर केवलारी और बरमानी में लगातार बाघ की मौजूदगी से किसानों के लिए खेतों में काम करना और रात के समय आवाजाही करना बेहद जोखिम भरा हो गया है।*वन विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह*मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। वन अधिकारियों के अनुसार, ताजा अपडेट में बाघ आबादी वाले इलाके से निकलकर वापस घने जंगलों की ओर चला गया है। फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर विशेष टीमों को मुस्तैद रखा गया है।वन विभाग ने केवलारी, बरमानी और आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि रात या तड़के अकेले खेतों या जंगल से सटे रास्तों पर जाने से बचें। जब भी बाहर निकलें, समूह में रहें और साथ में टॉर्च व लाठी रखें। वन्यजीव दिखने पर उसे उकसाने या पास जाकर फोटो-वीडियो बनाने की गलती न करें। बाघ की किसी भी हलचल पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *