अपराधियों पर कटनी पुलिस का शिकंजा: कॉम्बिंग गश्त में 182 आरोपियों को दबोचा, शहर से गांव तक पुलिस की दबिश

जनमत हिन्दी। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कटनी पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। सघन चेकिंग और दबिश के दौरान पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों की तामीली के साथ अवैध शराब, जुआ और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान में ईनामी आरोपियों सहित कुल 182 आरोपियों को पकड़ा गया।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, चौराहों, होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की भी चेकिंग की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान विभिन्न न्यायालयों द्वारा विभिन्न प्रकरणों में जारी 20 स्थाई वारंटी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा 69 गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 37 जमानती वारंट और 51 समंस भी तामील किए। अवैध शराब के परिवहन, विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने 44 प्रकरणों में 44 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से 415 पाव देशी शराब (74.7 लीटर) और 59.5 लीटर अवैध कच्ची शराब, कुल 134.2 लीटर शराब, जिसकी कीमत 53,060 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की। वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से भी जांच की गई। अपराधियों की निगरानी के तहत पुलिस ने उनके घरों पर पहुंचकर 42 गुंडा बदमाशों की चेकिंग की।वहीं अचानक दबिश देकर 44 निगरानी बदमाशों को भी चेक किया गया। इस तरह कुल 94 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। अभियान के दौरान जुआ एक्ट के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए। परिशांति भंग करने के मामले में 3 आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। वहीं परिशांति कायम रखने के लिए 62 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिला बदर किए गए 3 बदमाशों को भी चेक किया गया। रात में आने-जाने वाले 44 मुसाफिरों की जांच कर उनका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों की चेकिंग की। कार्रवाई का उद्देश्य वांछित अपराधियों की धरपकड़ के साथ अपराधियों की निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा। पुलिस द्वारा जिले भर में पूरी रात की गई जांच कार्रवाई से बदमाशों और आपराधिक प्रवत्ति के लोगों में हड़कंप का महौल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *