बारिश में महापौर का मैदानी दौरा: नाली-सीवर से सड़कों तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, शहरवासियों से किया सीधा संवाद

जनमत हिन्दी। बारिश के बीच शहर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी शनिवार को नगर के विभिन्न वार्डों के मैदानी भ्रमण पर निकलीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क, नाली, सीवर, जल निकासी और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। नागरिकों से सीधे संवाद कर स्थानीय आवश्यकताओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मौके पर सामने आई आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर भ्रमण के दौरान महापौर ने वार्ड क्रमांक-1 बाल गंगाधर तिलक वार्ड अंतर्गत साई मंदिर के पीछे निर्माणाधीन नाली कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति और निर्माण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को नाली निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए। इसके बाद महापौर ने वार्ड क्रमांक-3 अंतर्गत वल्लभनगर रोड पहुंचीं। सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर डस्ट डलवाकर मार्ग को मोटरेबल बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान भी आवागमन सुचारु बना रहे। महापौर ने मौके पर मौजूद नागरिकों से संवाद कर स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि सड़क के स्थायी सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संबंधित कार्य का भूमिपूजन किया जा चुका है तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। महापौर ने विवेकानंद वार्ड पहुंचकर विभिन्न गलियों एवं सड़क मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीवर कार्य की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य के दौरान आवागमन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर डस्ट डलवाने सहित अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्यों को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए। नगर भ्रमण के दौरान महापौर ने लक्ष्मी पान भंडार से साउथ स्टेशन तक मुख्य मार्ग का भी जायजा लिया। मार्ग की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को बारिश उपरांत सड़क सुधार एवं आवश्यक निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों के व्यवस्थित विकास के साथ नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता दी जाए। महापौर ने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश के दौरान नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार तत्काल सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान शहर की व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें, इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का निरीक्षण करें और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *