जमनत हिन्दी। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की फर्म से 1 करोड़ 49 लाख 60 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में कटनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रंगनाथनगर थाना पुलिस ने पड़ोसी जिले नरसिंहपुर के करेली से चार संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। साइबर ठगी की वारदात 12 अगस्त को हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से फर्म के खाते से 1.49 करोड़ रुपए देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किए थे। मामला दर्ज होने के बाद साइबर सेल और रंगनाथनगर थाना पुलिस ने बैंक लेनदेन और डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से 4 लाख 20 हजार रुपए करेली निवासी अनुज कुर्मी के बैंक खाते में जमा हुए थे। पुलिस के अनुसार, अनुज ने यह राशि तुरंत आर्यन, यशवंत और एक अन्य स्थानीय युवक के खातों में अलग-अलग हिस्सों में ट्रांसफर कर दी। लेनदेन की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस टीम ने करेली में दबिश देकर चारों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने अब तक विभिन्न बैंक खातों में मौजूद करीब 28 लाख रुपए की राशि फ्रीज कराई है। इसका उद्देश्य ठगी की रकम को आरोपियों द्वारा निकालने से रोकना है। पुलिस अब रिमांड के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की शेष रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच में साइबर ठगी के नेटवर्क के व्यापक होने की आशंका सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के संपर्क किन लोगों से हैं और ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
विधायक की फर्म से ठगी मामला: चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा, खंगाला जा रहा बैंक खातों नेटवर्क


































































































Leave a Reply