जनसुनवाई में महापौर का सख्त संदेश: कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखे शिकायतों का समाधान

जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, अतिक्रमण, राजस्व और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित आवेदनों पर सुनवाई की गई।  महापौर ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी प्राप्त की और समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका परिणाम भी समय पर दिखाई देना चाहिए। प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।  जनसुनवाई में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक साथ उपस्थित रहे, जिससे आवेदकों की शिकायतों पर तत्काल विभागीय समन्वय स्थापित हुआ। कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए, जबकि शेष प्रकरणों के जल्द और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। महापौर ने कहा कि जनसुनवाई शहरवासियों और नगर निगम के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंगलवार होने वाली जनसुनवाई में शामिल होकर अपनी समस्याएं सीधे बताएं, ताकि समस्या का निराकरण कराया जा सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *