‘हर वार्ड में विकास’ का संकल्प: तीन नई सीसी सड़कों से बदलेगी वार्डों की तस्वीर, बेहतर होगी आवागमन की सुविधा

जनमत हिन्दी। कटनी नगर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्यों का सिलसिला निरंतर जारी है। इसी क्रम में लगभग 38 लाख रुपएकी कुल लागत से तीन सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमित्रा रावत और  श्रीमती अर्चना विनीत जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। भूमिपूजन कार्यक्रम के अंतर्गत श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 35 की मूंगाबाई कॉलोनी में लगभग 28 लाख 53 हजार रुपए की लागत से निर्मित होने वाली सीसी सड़क का भूमिपूजन किया गया। वहीं वंशस्वरूप वार्ड क्रमांक 29 में लगभग 21 लाख रुपए की लागत से तपसुन के घर से गुड्डा भदौरिया के घर तक और चंदई दफाई में दुर्गा मंदिर के बाजू से रतन के घर तक सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से भी राहत प्राप्त होगी। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर निगम प्रत्येक वार्ड में जन आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृत कर समयबद्ध रूप से पूर्ण करा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार नगर के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमित्रा रावत और श्रीमती अर्चना विनीत जायसवाल ने क्षेत्रवासियों की ओर से स्वीकृत विकास कार्यों के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सड़कों के निर्माण से लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र का विकास नई गति प्राप्त करेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान महापौर ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने, निर्माण कार्यों के दौरान आवश्यक सहयोग करने के लिए कहा। महापौर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य जनसहयोग से ही सफलतापूर्वक पूर्ण हो सकते हैं। कार्यक्रम में मेयर-इन-काउंसिल सदस्य  डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, पार्षद वंदना राजकिशोर यादव, प्रभा गुप्ता, सरला मिश्रा, राजू शर्मा सहित अन्य समाजसेवी औरप क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *