सोफे में छिपा था पांच फीट का कोबरा: कॉलोनी में घूमता मिला अजगर, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में मानसून सक्रिय होते ही जिले में जहरीले जीव-जंतुओं के रिहायशी इलाकों में निकलने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शुक्रवार को बरही वन परिक्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर एक कोबरा और एक अजगर मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंचे सर्प मित्र ने दोनों का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया। पहला मामला बरही थाना क्षेत्र के ग्राम करेला में सोनेलाल बर्मन के घर के बैठक कक्ष में रखे सोफा सेट के अंदर करीब 5 फीट लंबा कोबरा छिपा मिला। सांप को देखते ही परिवार के लोग घबराकर बाहर निकल आए और सर्प मित्र हैरिसन हैंड्री को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू किया। दूसरी घटना संदीप कॉलोनी की है, जहां शंकर वर्मा के मकान में करीब 5 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में अजगर मिलने की सूचना से लोगों की भीड़ जमा हो गई। सर्प मित्र ने मौके पर पहुंचकर अजगर को भी सुरक्षित पकड़ लिया। दोनों वन्य जीवों का रेस्क्यू करने के बाद वन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। सर्प मित्र हैरिसन हैंड्री ने लोगों से कहा कि बारिश के मौसम में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उन्हें मारने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्रों को सूचना दें, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों सुरक्षित रह सकें। आपको बतादें कि बारिश के मौसम में जीव-जंतू रिहायशी में आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *