जनमत हिन्दी। प्रदेश के परिवहन, स्कूल शिक्षा मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य सिर्फ निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है। शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना चाहिए। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिले की विकास योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कृषि, सिंचाई, शिक्षा, नगरीय विकास, सड़क सुरक्षा, और अधोसंरचना परियोजनाओं को लेकर निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों को डीएपी उर्वरक पर निर्भर रहने के बजाय अधिक पोषक तत्वों वाले एनपीके उर्वरक के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के लाभ बताए जाएं। आत्मा परियोजना, कृषि विस्तार अधिकारियों और कृषि सखियों के माध्यम से वैज्ञानिक खेती को जन-आंदोलन का रूप देने पर भी जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि 12 किलोमीटर लंबी स्लीमनाबाद टनल परियोजना में केवल 44 मीटर खुदाई शेष है और 15 जुलाई तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने इसे समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना कटनी, मैहर, सतना सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगी और कृषि उत्पादन को नई दिशा देगी। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों में विशेष नामांकन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में 10 से कम छात्र संख्या है वहां के शिक्षक छात्रों का नामांकन दाखिला बढ़ाएं। इन स्कूलो की छात्र संख्या नहीं बढ़ने पर आस-पास के 1 किलोमीटर के दायरे के स्कूलो में मर्ज करने के निर्देश दिए। शिक्षा की गुणवत्ता और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए आवश्यकतानुसार स्कूलों का नियमानुसार समायोजन करने भी कहा गया है। प्रभारी मंत्री ने लमतरा और पीरबाबा बायपास जैसे दुर्घटना संभावित स्थलों पर बेहतर संकेतक, सुरक्षा उपाय और आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पीरबाबा बायपास पर बड़े दिशा-सूचक बोर्ड और सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि यात्रियों को सुविधा और सुरक्षा दोनों मिल सकें। सांसद ने जिले में युवाओं के बीच बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग को नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सांसद ने कटनी जंक्शन पर बाहरी आवागमन को देखते हुए होटल, लॉज और अन्य ठहरने वाले स्थानों की नियमित जांच और सत्यापन के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों और अपराधियों पर की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की। सांसद ने शहर की यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को और बेहतर बनाने पर बल दिया। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के स्थायी समाधान के लिए मैनिट, भोपाल के विशेषज्ञों के सहयोग से वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: किसानों, शिक्षा और सड़क सुरक्षा पर फोकस, समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री के बड़े फैसले



































































































Leave a Reply