जनमत हिन्दी। कटनी जिले के 13 पुलिस थानों और 3 एसडीओपी कार्यालयों को आईएसओ (अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन) सर्टिफिकेट दिया गया। यह कदम जिले की पुलिस व्यवस्था में गुणवत्ता सुधार और आधुनिकीकरण की दिशा में उठाया गया है, जिससे कानून व्यवस्था अधिक मजबूत, पारदर्शी और जनता के अनुकूल बन सके। इस उपलब्धि का जायजा लेने के लिए जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा कटनी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले आईएसओ मानकों पर खरे उतरे एनकेजे थाना परिसर का निरीक्षण किया और वहां किए गए सुधारों की सराहना की। पुलिस कप्तान के निर्देशन में इन चयनित थानों की व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गईं, जिससे उनकी कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। थानों में आकर्षक रंग-रोगन, साफ-सफाई और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इसका उद्देश्य पीड़ितों और आम नागरिकों को भयमुक्त और सकारात्मक माहौल देना है, ताकि वे अपनी शिकायतें बिना किसी झिझक के दर्ज करा सकें। फरियादियों और आम नागरिकों के बैठने के लिए अब समुचित और आरामदायक व्यवस्था की गई है। कागजी कार्रवाई को सुगम बनाने के लिए रिकॉर्ड प्रबंधन को पूरी तरह व्यवस्थित किया गया है। साथ ही, थानों को हाईटेक बनाने के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों और कंप्यूटर सिस्टम से लैस किया गया है। सोमवार शाम को एनकेजे थाना परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने कटनी पुलिस के इन चयनित थानों और एसडीओपी कार्यालयों के प्रभारियों को आधिकारिक तौर पर आईएसओ सर्टिफिकेट दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और तत्काल पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। इस प्रमाणन के लिए पुलिसकर्मियों के व्यवहार, शिकायतों के तत्काल निराकरण, निष्पक्ष व पारदर्शी जांच, थाने की साफ-सफाई और सुदृढ़ रिकॉर्ड व्यवस्था जैसे कड़े मानकों पर मूल्यांकन किया गया है। इस अवसर पर आईजी प्रमोद वर्मा ने कहा कि निश्चित तौर पर कटनी जिले के 13 थाने 2 माह के भीतर आईएसओ प्रमाणित हुए हैं, जिसके लिए कटनी पुलिस बधाई की पात्र है। लेकिन इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण आईएसओ के उद्देश्यों को बनाए रखना है। थाना प्रभारियों को इसके उद्देश्यों को बरकरार रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
कटनी पुलिस ने रचा इतिहास: महज दो माह में 13 थानों और 3 एसडीओपी कार्यालय ने हासिल किया आईएसओ का प्रमाण पत्र, बेहतर पुलिसिंग कि उम्मीद



































































































Leave a Reply