साइड नहीं देने पर चाकू से हमला: कटनी-जबलपुर नेशनल हाइवे में हुई वारदात, आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के माधवनगर थाने की निवार पुलिस चौकी अंतर्गत कटनी-जबलपुर हाइवे में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया गुलवारा गांव निवासी 30 वर्षीय शैलेश कुमार पिता श्याम वीर यादव के वाहन के आगे अपनी कार लगाकर अज्ञात आरोपियों द्वारा चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। वारदात की सूचना पर पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने पेट्रोल पंप और वायपास मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज और तकनीकी साक्ष्य से हमलावरो की वाहनों के नम्बर और पहचान का सुराग लगाया। जिसके बाद पुलिस ने जबलपुर जिले के बेलखाड़ू निवासी शनि पिता सुरेश चौधरी, आर्यन पिता राजकुमार सेन को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जबलपुर से कटनी आते समय लखापतेरी बायपास जिओ पेट्रोल पंप के पास साईड नहीं देने पर आपसी विवाद हो गया था, जिसके बाद शनि चौधरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में संदीप बर्मन नाम आरोपी फरार है। पुलिस ने चाकू और कार को जब्त कर लिया है। कार्रवाई में माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, एएसआई राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक मनीष कुमार, देवेश कुमार, अंकित दुबे, गौरव सेन, आरक्षक अरविन्द कुशवाहा, वकील यादव, आदर्श सिंह बघेल, नवीन शुक्ला की भूमिका रही। पूरी कार्रवाई एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी और सीएसपी के मार्गदर्शन में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *