एक्शन मोड में विजयराघवगढ़ पुलिस: रेत चोरी के लिए बनाए गए रास्तों को जेसीबी से हटाया, कार्रवाई आभियान शुरू

जनमत हिन्दी। कटनी जिले में रेत का अवैध खनन और परिवहन रोकने के लिए पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। रेत माफिया द्वारा नदी घाटों तक पहुंचने के लिए बनाए गए रास्तों को पुलिस ने जेसीबी से हटा दिया है। कार्रवाई के बाद रेत का अवैध खनन और परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में की गई है। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि महानदी से रेत उत्खनन, परिवहन के लिए कोई वैध कंपनी नहीं होने और रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगी होने के बावजूद भी थाना विजयराघवगढ़ अंतर्गत आने वाली महानदी के कई स्थानों पर अवैध रेत कारोबारियों द्वारा नदी के अंदर जाने का रास्ता तैयार कर अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था और थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरा, हन्तला, भिम्पार, घुनौर, खिरवा नम्बर 1, चेहला टोला खिरवा से गुजरने वाली महानदी में अवैध रूप से रास्ता बनाकर वाहनों को नदी के अंदर ले जाकर अवैध रूप से रेत परिवहन किया जा रहा था। इसी तारतम्य में विजयराघवगढ़ पुलिस टीम के द्वारा अवैध रेत कारोबारियों द्वारा तैयार किए गए रास्तो में गड्ढ़ा खुदवाकर रास्ता बंद किया गया, ताकि अवैध रेत के खनन परिवहन पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने कहा है कि रेत का अवैध उत्खनन, परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *