बनते ही उखड़ी सड़क: निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी, ठेकदार का रुतवा ऐसा है कि पार्षद कि शिकायत पर भी जांच नहीं हुई

जनमत हिन्दी। कटनी शहर के अंदर महारानी लक्ष्मी स्थित सेंटपॉल स्कूल के पीछे बनाई गई सड़क पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद अवकाश जायसवाल ने नगर निगम आयुक्त से सड़क निर्माण में की गई गुणवत्ता की अनदेखी की शिकायत करते हुए जांच की मांग की थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य की जांच नहीं कराई गई है। शिकायत में पार्षद अवकाश जायसवाल ने कहा था कि महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड में सेंट पॉल स्कूल के पीछे लगभग दो माह पहले सीसी रोड निर्माण का कार्य कराया गया था। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ समय के बाद ही सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है। वर्तमान में सड़क की हालत ऐसी प्रतीत हो रही है जैसे यह सड़क कई वर्षों पुरानी हो। स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क की सतह कई स्थानों से उखड़ने लगी है, गिट्टियां बाहर निकल रही हैं,  पूरी सड़क पर रेत फैलती जा रही है। इस स्थिति से यह स्पष्ट है कि निर्माण कार्य में आवश्यक गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया है। निर्माण के दौरान लापरवाही और अनियमितताएं की गई हैं। पार्षद ने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही होना आवश्यक है, ताकि शासकीय राशि का बेहतर उपयोग हो सके। पार्षद ने कहा कि जनहित को ध्यान रखते हुए सेंट पॉल स्कूल के पीछे निर्मित सीसी रोड के निर्माण कार्य की स्वतंत्र और तकनीकी गुणवत्ता जांच कराई जाए, जांच पूरी होने तक संबंधित निर्माण कार्य से संबंधित किसी प्रकार का भुगतान नहीं निगम द्वारा नहीं किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *